जनता दरबार में राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर, लंबित प्रकरणों की जांच तेज करने के निर्देश
डुमरांव अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए अंचलाधिकारी बृजेश कुमार द्विवेदी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि फरियादियों को जल्द राहत मिल सके।

केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए अंचलाधिकारी बृजेश कुमार द्विवेदी ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि फरियादियों को जल्द राहत मिल सके।जनता दरबार में कुल पांच मामले सुनवाई के लिए प्रस्तुत किए गए। इनमें एक मामले का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि चार मामलों में अभिलेखों के सत्यापन एवं स्थल जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, सीमांकन, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण और अन्य राजस्व संबंधी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

अंचलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कर्मचारियों से मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव था, उनका मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि जटिल मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत देना है।

प्रशासन प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी राजस्व कर्मियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने और समय पर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।जनता दरबार के दौरान आरओ कुमार दिनेश, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

