युवा सोच को स्टार्टअप की उड़ान, उद्यमियों ने छात्रों को दिखाया आत्मनिर्भरता का रास्ता
युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए जरूरी है कि उनकी सोच को सही दिशा, नवाचार को मंच और उत्पादों को बाजार मिले। इसी उद्देश्य के साथ वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में विश्व उद्यमिता दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया।

__ विश्व उद्यमिता दिवस पर कृषि महाविद्यालय में कार्यशाला, डीएम ने कहा—नवाचार और स्वरोजगार से मजबूत होगा स्थानीय उद्योग
केटी न्यूज/डुमरांव।
युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए जरूरी है कि उनकी सोच को सही दिशा, नवाचार को मंच और उत्पादों को बाजार मिले। इसी उद्देश्य के साथ वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में विश्व उद्यमिता दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया। महाविद्यालय के स्टार्टअप सेल और जिला उद्योग केन्द्र, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में छात्रों को उद्यमिता की संभावनाओं और बाजार की जरूरतों से रूबरू कराया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम साहिला ने युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और प्रतिभाओं का बेहतर उपयोग कर नए उद्योग खड़े किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता फरखन्दा कुरैशी, एसडीसी रवि बहादुर, जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक ज्योत्सना वर्मा तथा महाविद्यालय के अधिष्ठाता सह प्राचार्य डॉ. पारसनाथ मौजूद रहे।कार्यशाला में स्टार्टअप शुरू करने से लेकर उत्पाद को बाजार तक पहुंचाने, ब्रांडिंग और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी कारोबार की सफलता के लिए बेहतर उत्पाद के साथ बाजार की मांग को समझना जरूरी है। युवाओं को सरकारी योजनाओं और उपलब्ध औद्योगिक अवसरों का लाभ उठाने की भी जानकारी दी गई।

__ सफल उद्यमियों को मिला सम्मान
जिले में उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले सफल उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें रिसाईकल बाजार के विवेक कुमार, भारत हाईजेनिक्स की दिव्या प्रियम, तुलसी एग्रो की पुष्पा देवी, शिव दुर्गा ट्रेडर्स के संतोष कुमार, संजीत एग्रो के संजीत कुमार राय, लजीज बेकरी के मो. मेराज, डॉल्फिन प्रेस के जितेन्द्र कुमार तथा सोम शक्ति पशु आहार के भानु प्रताप सिंह शामिल रहे।
__नए छात्रों के लिए दीक्षारम्भ की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने वर्ष 2026-27 में नामांकित छात्र-छात्राओं के दीक्षारम्भ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। उद्यमी विवेक कुमार और दिव्या प्रियम ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को स्टार्टअप स्थापित करने की चुनौतियों और संभावनाओं की व्यावहारिक जानकारी दी। इससे छात्रों को उद्यमिता को करियर के विकल्प के रूप में अपनाने की प्रेरणा मिली।

