नए सीओ ने संभाली कमान तो खुलने लगी लंबित फाइलों की गांठ
डुमरांव अंचल कार्यालय में नियमित अंचलाधिकारी की पदस्थापना के बाद लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों की फाइलें अब तेजी से आगे बढ़ने लगी हैं। अंचलाधिकारी बृजेश कुमार द्विवेदी के योगदान के बाद भूमि मापी, भूमि विवाद और अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब एक वर्ष तक प्रभार के भरोसे संचालित रहे अंचल कार्यालय में लंबित मामलों के निपटारे के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

__ 97 भूमि मापी आवेदनों को मिली तारीख, भूमि सहयोग पोर्टल के 94 में 84 मामलों का निष्पादन; पांच नए राजस्वकर्मियों की तैनाती से काम में आएगी और तेजी
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव अंचल कार्यालय में नियमित अंचलाधिकारी की पदस्थापना के बाद लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों की फाइलें अब तेजी से आगे बढ़ने लगी हैं। अंचलाधिकारी बृजेश कुमार द्विवेदी के योगदान के बाद भूमि मापी, भूमि विवाद और अन्य राजस्व मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब एक वर्ष तक प्रभार के भरोसे संचालित रहे अंचल कार्यालय में लंबित मामलों के निपटारे के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।सबसे बड़ी राहत उन आवेदकों को मिली है, जिन्होंने भूमि मापी के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर दिया था, लेकिन लंबे समय से मापी की तिथि का इंतजार कर रहे थे। ऐसे 97 आवेदन अंचल कार्यालय में लंबित थे। सीओ ने इन मामलों को प्राथमिकता में लेते हुए सभी के लिए मापी की तिथि निर्धारित कराने की प्रक्रिया पूरी कर दी है। इससे महीनों से कार्यालय का चक्कर लगा रहे आवेदकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

__ पांच नए राजस्वकर्मियों के योगदान से बढ़ी उम्मीद
राजस्व कार्यों को गति देने के लिए बुधवार को डुमरांव अंचल में पांच नए राजस्वकर्मियों ने योगदान दिया। इनके योगदान के बाद सीओ ने सभी के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ काम किया जाए तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं हो।दरअसल, कुछ दिन पहले सात राजस्वकर्मियों के स्थानांतरण के बाद अंचल कार्यालय में कई पद रिक्त हो गए थे। इससे दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी सहित अन्य राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे थे। रिक्त पदों को भरने के लिए सीओ ने वरीय अधिकारियों से अनुशंसा की थी। इसके बाद पांच नए राजस्वकर्मियों की पदस्थापना हुई है।

__ प्रभार के दौरान बढ़ता गया लंबित मामलों का बोझ
तत्कालीन सीओ शमन प्रकाश के लंबी छुट्टी पर चले जाने के बाद राजस्व अधिकारी कुमार दिनेश को अंचलाधिकारी का प्रभार दिया गया था। इसके बाद करीब एक वर्ष तक कार्यालय प्रभार में ही संचालित होता रहा। इस अवधि में कई राजस्व मामलों के लंबित होने से लोगों की परेशानी बढ़ती गई। अब नियमित सीओ के योगदान के बाद पुराने मामलों की समीक्षा कर उनका तेजी से निष्पादन शुरू किया गया है।
__ भूमि सहयोग पोर्टल पर भी तेज हुई कार्रवाई
भूमि संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए संचालित भूमि सहयोग पोर्टल पर भी लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आई है। पोर्टल पर लंबे समय से लंबित 94 मामलों में से 84 का निष्पादन सीओ के योगदान के करीब एक पखवारे के भीतर किया जा चुका है। शेष मामलों पर भी कार्रवाई जारी है। सीओ ने कहा कि सभी पात्र मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।

__ सोमवार-शुक्रवार सुनेंगे फरियाद, शनिवार को लगेगा शिविर
सीओ ने बताया कि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए प्रशासनिक टीम को सक्रिय किया गया है। प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को वे कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा शनिवार को आयोजित होने वाले भूमि विवाद निवारण शिविर में भी मामलों की सुनवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी समस्या लेकर सीधे कार्यालय आएं और विधिसम्मत आवेदन दें। पात्र मामलों में कार्रवाई होगी, जबकि गलत अथवा अवैध कार्यों को किसी भी परिस्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

