दियारा में सांस्कृतिक जागरण की मुहिम तेज, गांव-गांव पहुंचेगा महा सम्मेलन का संदेश

दियारा क्षेत्र में प्रस्तावित सनातन संस्कृति महा सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को ब्रह्मपुर प्रखंड की उत्तरी नैनीजोर पंचायत स्थित संजीवन बाबा के डेरा परिसर में अवस्थित काली मंदिर में ग्राम गौरव संस्थान के तत्वावधान में जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

दियारा में सांस्कृतिक जागरण की मुहिम तेज, गांव-गांव पहुंचेगा महा सम्मेलन का संदेश

__ ब्रह्मपुर में जागरूकता बैठक, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और व्यापक जनसंपर्क अभियान पर जोर

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।

दियारा क्षेत्र में प्रस्तावित सनातन संस्कृति महा सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार को ब्रह्मपुर प्रखंड की उत्तरी नैनीजोर पंचायत स्थित संजीवन बाबा के डेरा परिसर में अवस्थित काली मंदिर में ग्राम गौरव संस्थान के तत्वावधान में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा समाज में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक का नेतृत्व संस्थान के जिला अध्यक्ष तेजनारायण कुंवर ने किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य बच्चाधारी राय ने की। कार्यक्रम में ग्राम गौरव संस्थान के कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के अनेक सामाजिक एवं प्रबुद्ध लोगों ने भाग लेकर सम्मेलन की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का संरक्षण समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा जाति-पांति, ऊंच-नीच और अन्य सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर भाईचारा और समरसता का वातावरण बनाने का आह्वान किया। साथ ही धर्मांतरण जैसे विषयों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करने पर भी बल दिया गया।अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व प्रधानाचार्य बच्चाधारी राय ने कहा कि श्री त्रिदण्डी स्वामी जी महाराज की यज्ञस्थली पर प्रस्तावित सनातन संस्कृति महा सम्मेलन समाज को सांस्कृतिक रूप से जागरूक और संगठित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए इसे जनसहभागिता का उत्सव बताया।बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। वक्ताओं ने दावा किया कि दियारा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।बैठक में बजरंगी तिवारी, पूर्व शिक्षक राजेंद्र तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष (चक्की) अशोक सिंह, पूर्व शिक्षक सहजानंद रजक, कमलानंद तिवारी, बृजबली यादव, नेता यादव, रामगहन यादव एवं विमलेश उपाध्याय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।