बिहार पुलिस एसोसिएशन शाखा–04, डुमरांव का चुनाव निर्विरोध संपन्न, पांचों पदाधिकारी निर्वाचित
बिहार पुलिस एसोसिएशन की शाखा–04, डुमरांव के चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध ढंग से संपन्न हो गई। बिहार पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, पटना के निर्देश के आलोक में जारी सूचना के अनुसार निर्धारित तिथि पर नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई।

केटी न्यूज/डुमरांव।
बिहार पुलिस एसोसिएशन की शाखा–04, डुमरांव के चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध ढंग से संपन्न हो गई। बिहार पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, पटना के निर्देश के आलोक में जारी सूचना के अनुसार निर्धारित तिथि पर नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव पदाधिकारी द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया कि नामांकन के दौरान कुल पांच पदों के लिए केवल पांच प्रत्याशियों ने अपने समर्थक एवं प्रस्तावक के संयुक्त हस्ताक्षर के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक किसी अन्य अभ्यर्थी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाने के कारण सभी पदों पर एकमात्र प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी सह-अध्यक्ष, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना द्वारा जारी पत्र में इसकी औपचारिक घोषणा की गई।निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर महेश राम, उपाध्यक्ष पद पर ददन राम, सचिव पद पर कारू कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर कर्ण प्रधान तथा संयुक्त सचिव पद पर अरशफाक खां को निर्वाचित घोषित किया गया है।जारी सूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह संगठन के संविधान एवं निर्धारित नियमावली के अनुरूप संपन्न कराई गई। नामांकन की अंतिम अवधि तक किसी अन्य अभ्यर्थी के सामने नहीं आने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।

मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक के सहायक (कल्याण), बिहार पुलिस एसोसिएशन के महामंत्री तथा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए प्रेषित की है। निर्वाचित पदाधिकारियों के चयन पर संगठन के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम पुलिसकर्मियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।

