__ सात लोगों की जान लेने वाले हादसे के स्थल पर फिर बाइक-साइकिल की भिड़ंत, बुजुर्ग समेत तीन गंभीर; वाराणसी रेफर
केटी न्यूज/बक्सर :
चौसा-रामगढ़ मार्ग पर हादसों का पर्याय बन चुके सोनपा गांव के हनुमान राय डेरा के समीप एक बार फिर सड़क दुर्घटना ने इलाके को दहला दिया। छह दिन पहले इसी स्थान पर हुए भीषण हादसे में सात लोगों की मौत के बाद भी दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार दोपहर बाइक और साइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया।

लगातार हादसों से इस मार्ग पर सफर करने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच दुर्घटनास्थल की पहचान अब एक खतरनाक सड़क के रूप में बनने लगी है। छह दिन पहले सात लोगों की मौत की दर्दनाक घटना के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि गुरुवार को एक और दुर्घटना ने लोगों को झकझोर दिया।

जानकारी के अनुसार, चौबे की छावनी निवासी 62 वर्षीय मुरलीधर राजभर साइकिल से खेत की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार बुजुर्ग के साथ बाइक पर सवार युवक और युवती भी सड़क पर गिर पड़े। तीनों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को वाराणसी भेज दिया गया।बाइक सवार घायलों की पहचान कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआं गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक उपाध्याय और 22 वर्षीय निक्की कुमारी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में भाई-बहन बताए जा रहे हैं। वहीं, साइकिल सवार मुरलीधर राजभर भी गंभीर रूप से घायल हैं।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।