राजपुर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर मकोरियाडीह गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर मकोरियाडीह गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी 30 वर्षीय प्रवीण पांडेय, पिता चंद्रभूषण पांडेय के रूप में की गई है।

घायलों में मानिकपुर गांव निवासी 26 वर्षीय नीरज पांडेय पिता स्व. झरोरा पांडेय, 45 वर्षीय विनीत उर्फ छोटू पांडेय पिता हृदयशंकर पांडेय तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय गोलू कुमार पिता भोला साह शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रवीण पांडेय अपने दोस्तों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बक्सर की ओर जा रहे थे। मकोरियाडीह के पास बगल से गुजर रही एक पिकअप वाहन से बचने के प्रयास में उन्होंने ओवरटेक किया, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के भावरकोल थाना क्षेत्र के खड़िया गांव निवासी आसू राय ने मानवता का परिचय देते हुए एक ऑटो रोककर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया, जहां प्रवीण पांडेय की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

