बक्सर के बाजार समिति रोड में अज्ञात युवक को रौंदकर ट्रैक्टर समेत फरार हुआ चालक

नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार वाहन ने एक पैदल युवक की जान ले ली। हादसे के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बक्सर के बाजार समिति रोड में अज्ञात युवक को रौंदकर ट्रैक्टर समेत फरार हुआ चालक

__ सुबह की भीड़भाड़ के बीच हुआ हादसा, मौके पर ही गई जान; लाल शर्ट-काली पैंट से पहचान की कोशिश, सीसीटीवी से वाहन की तलाश

केटी न्यूज/बक्सर।

नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार वाहन ने एक पैदल युवक की जान ले ली। हादसे के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुए इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे एक युवक बाजार समिति रोड पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोग जब तक उसे संभालने के लिए दौड़े, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए उसके हुलिए और कपड़ों की जानकारी सार्वजनिक की है। युवक ने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है।

--सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा हादसे का राज

पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के समय सड़क से गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को जल्द पकड़ा जाए।नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से भी मृतक की पहचान में सहयोग करने की अपील की है।