टीबी मरीजों के घर पहुंचा प्रशासन, 10 संक्रमितों को मिला पोषण का सहारा

टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के साथ मरीजों के इलाज में पोषण की भूमिका को मजबूत करने के लिए चौसा प्रखंड प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने खुद विभिन्न गांवों में पहुंचकर टीबी से पीड़ित 10 मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराया।

टीबी मरीजों के घर पहुंचा प्रशासन, 10 संक्रमितों को मिला पोषण का सहारा

__ दवा के साथ पौष्टिक आहार पर जोर, बीडीओ ने मरीजों से लिया स्वास्थ्य का फीडबैक; इलाज बीच में नहीं छोड़ने की अपील

केटी न्यूज/चौसा।

टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के साथ मरीजों के इलाज में पोषण की भूमिका को मजबूत करने के लिए चौसा प्रखंड प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज पासवान ने खुद विभिन्न गांवों में पहुंचकर टीबी से पीड़ित 10 मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना और नियमित इलाज के लिए प्रोत्साहित करना है।बीडीओ ने चौसा, नरबतपुर, जलीलपुर, चुन्नी, पवनी, डिहरी, खिलाफतपुर सहित अन्य क्षेत्रों में चिन्हित टीबी मरीजों के घर पहुंचकर उन्हें पोषण आहार किट दी। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही दवाओं के सेवन, चिकित्सकीय जांच और उपचार से जुड़ी अन्य जानकारियां भी प्राप्त कीं।

मनोज पासवान ने कहा कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित दवा का सेवन और पौष्टिक एवं संतुलित भोजन मरीजों के स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने मरीजों से इलाज के दौरान किसी भी परिस्थिति में दवा नहीं छोड़ने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार की ओर से कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। पोषण आहार किट उपलब्ध कराने का मकसद मरीजों को उपचार के दौरान जरूरी पोषण देना और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में सहयोग करना है। बीडीओ ने आम लोगों से टीबी के लक्षण नजर आने पर बिना झिझक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की।