__ चेंजिंग रूम, बैरिकेटिंग, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी; नाविक व गोताखोर भी रहेंगे तैनात, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सजाने-संवारने की तैयारी
केटी न्यूज/चौसा।
छठ महापर्व पर गंगा घाटों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर पंचायत चौसा ने सुरक्षा और सुविधा की तैयारियां तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। इस बार घाटों पर केवल साफ-सफाई और रोशनी ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी के साथ घाटों पर नाविकों व गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। वहीं, व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेटिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी है।इन तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई।

नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता तथा कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी के संचालन में हुई बैठक में छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में गंगा घाटों की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने पर भी चर्चा हुई। घाटों पर चेंजिंग रूम और बैरिकेटिंग की व्यवस्था के जरिए व्रतियों को सहूलियत देने की योजना है। पर्व के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने और घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन से निगरानी करने तथा नाविकों और गोताखोरों की तैनाती का प्रस्ताव चर्चा में रहा। इन इंतजामों का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।बैठक में पूर्व की सामान्य बोर्ड बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि पर भी विचार किया गया। इसके अलावा डोर-टू-डोर कचरा उठाव और नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रत्येक वार्ड में अति महत्वपूर्ण योजनाओं का विभागीय स्तर पर क्रियान्वयन कराने को लेकर भी विमर्श हुआ।बैठक में वार्ड पार्षद ललिता देवी, नयनतारा देवी, चंदन चौधरी, पार्वती देवी, पुष्पा देवी, साजिदा, आनंद रावत, स्वच्छता पदाधिकारी अरसद हैदर नकवी और प्रधान लिपिक सत्यप्रकाश सहित अन्य उपस्थित थे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।