श्रम दिवस पर बक्सर में जागरूकता शिविर, श्रमिकों को योजनाओं और लू से बचाव की दी गई जानकारी
अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को श्रम अधीक्षक कार्यालय, बक्सर (संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर) में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


__ श्रम विभाग ने विभिन्न योजनाओं के साथ भीषण गर्मी से सुरक्षा के उपायों पर किया जागरूक
केटी न्यूज/बक्सर
अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को श्रम अधीक्षक कार्यालय, बक्सर (संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर) में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर श्रम अधीक्षक बक्सर के साथ-साथ श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बक्सर सदर, राजपुर, इटाढ़ी, चक्की, चौगाईं, नावानगर और ब्रह्मपुर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।

शिविर के दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आर्थिक सहायता तथा अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही यह भी बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर श्रमिक अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकते हैं।इसके अतिरिक्त, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा तैयार ‘ताप लहर कार्ययोजना’ के तहत भीषण गर्मी और लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने श्रमिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, सिर ढककर रखने तथा हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के अंत में श्रमिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।

