दुर्गापूजा से पहले प्रशासन अलर्ट, सड़क घेरकर पंडाल बनाने पर रोक

दुर्गापूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और उससे पैदा होने वाली यातायात की समस्या को लेकर प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। पूजा के नाम पर सड़क घेरकर पंडाल खड़ा करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। बुधवार को एसडीएम राजीव कुमार ने डुमरांव क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति देखी और पूजा समितियों को कई अहम निर्देश दिए।

दुर्गापूजा से पहले प्रशासन अलर्ट, सड़क घेरकर पंडाल बनाने पर रोक

__ एसडीएम ने पूजा पंडालों का लिया जायजा, सुरक्षा से लेकर भीड़ प्रबंधन तक के इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव।

दुर्गापूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और उससे पैदा होने वाली यातायात की समस्या को लेकर प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। पूजा के नाम पर सड़क घेरकर पंडाल खड़ा करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। बुधवार को एसडीएम राजीव कुमार ने डुमरांव क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति देखी और पूजा समितियों को कई अहम निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सबसे ज्यादा जोर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने पर दिया। उन्होंने पूजा समितियों से दो टूक कहा कि मुख्य सड़कों अथवा आवागमन वाले मार्गों पर किसी भी स्थिति में पंडाल का निर्माण नहीं किया जाए।

पंडाल ऐसी जगह बनाया जाए, जहां श्रद्धालुओं के आने-जाने के साथ-साथ वाहनों का परिचालन भी प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण कर पंडाल लगाने से जाम की स्थिति बनती है और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।एसडीएम ने पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास, साफ-सफाई तथा पंडाल के आसपास पर्याप्त जगह रखने के निर्देश दिए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि त्योहार आस्था और उल्लास का अवसर है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। आयोजकों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिले और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी संभव हो।निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे भी मौजूद रहे। उन्होंने पूजा स्थलों के आसपास सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। प्रशासन ने पूजा समितियों को स्पष्ट संकेत दिया कि निर्धारित नियमों की अनदेखी या सड़क अतिक्रमण की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।