चौसा नगर पंचायत में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, प्रगणकों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
जनगणना 2027 को सफल और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बालिका मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जनगणना कोषांग के नोडल पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नकवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

__ ऑनलाइन स्वगणना, डिजिटल सर्वे और सटीक आंकड़ों के संकलन पर अधिकारियों ने दिया जोर
केटी न्यूज/चौसा
जनगणना 2027 को सफल और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बालिका मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जनगणना कोषांग के नोडल पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नकवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उद्घाटन के अवसर पर नोडल पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं तैयार करती है।

इसलिए इसमें लगे सभी कर्मियों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 अप्रैल से 27 अप्रैल तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में 30 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये कर्मी अपने-अपने वार्डों और क्षेत्रों में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराएंगे।प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं विनोद कुमार चौधरी ने प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, परिवार विवरण संकलन, डिजिटल फॉर्म भरने की विधि, डेटा सुरक्षा तथा स्वगणना प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे नागरिक स्वयं भी मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन स्वगणना कर सकेंगे।

इससे समय की बचत होगी और आंकड़ों की पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।अधिकारियों ने कहा कि कर्मियों को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक भी करना होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन स्वगणना सुविधा का लाभ उठा सकें। साथ ही किसी भी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति में तत्काल पर्यवेक्षकों से संपर्क करने का निर्देश दिया गया।नोडल पदाधिकारी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि चौसा नगर पंचायत की सही जनसंख्या, सामाजिक स्थिति और आर्थिक आंकड़े सरकार तक पहुंच सकें।कार्यक्रम में कार्यालय सहायक प्रभाकांत मिश्रा, अमित पांडे, मोहम्मद शमीम, सत्य प्रकाश समेत कई कर्मी एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

