डुमरांव में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, प्रगणकों को डिजिटल सर्वे का दिया जा रहा प्रशिक्षण

जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का चरणबद्ध प्रशिक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन की देखरेख में चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों और नामित कर्मियों को जनगणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि आगामी सर्वेक्षण कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। शुक्रवार को प्रशिक्षण का अंतिम दिन था, इस दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को संचालित कर रहे संचालन नवनीत कुमार, अशोक कुमार सहित छह प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है।

डुमरांव में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, प्रगणकों को डिजिटल सर्वे का दिया जा रहा प्रशिक्षण

__ घर-घर गणना, मोबाइल ऐप संचालन और सटीक आंकड़ा संकलन पर जोर, बीडीओ ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

केटी न्यूज/डुमरांव

 जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का चरणबद्ध प्रशिक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन की देखरेख में चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों और नामित कर्मियों को जनगणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि आगामी सर्वेक्षण कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। शुक्रवार को प्रशिक्षण का अंतिम दिन था, इस दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों को संचालित कर रहे संचालन नवनीत कुमार, अशोक कुमार सहित छह प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने की विधि, परिवारों से सही जानकारी प्राप्त करने के तरीके, डेटा संकलन की वैज्ञानिक प्रक्रिया तथा फील्ड कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की आधारशिला है।

 प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रगणकों को मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा डिजिटल माध्यम से सूचनाओं के सुरक्षित संप्रेषण की प्रक्रिया सिखाई जा रही है। इसके साथ ही स्व-गणना व्यवस्था की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि इच्छुक नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें और प्रक्रिया को अधिक सरल बनाया जा सके। प्रशिक्षक नवनीत कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणकों का व्यवहार भी महत्वपूर्ण होता है। इसलिए प्रतिभागियों को नागरिकों से सहज संवाद, शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार और भरोसेमंद तरीके से जानकारी लेने के तौर-तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति और अनुशासन की समीक्षा की। बीडीओ ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में बताई गई सभी प्रक्रियाओं को गंभीरता से समझा जाए, ताकि वास्तविक कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़ी नीतियों को दिशा देते हैं। ऐसे में प्रत्येक सूचना का सही और पारदर्शी संकलन अत्यंत आवश्यक है।