मातृ सम्मान से जुड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बच्चों ने लिया हरियाली का संकल्प
पर्यावरण संरक्षण को मातृ सम्मान से जोड़ते हुए रघुनाथपुर स्थित रामानंद मध्य विद्यालय में शनिवार को विद्यालय इको क्लब के तत्वावधान में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

__ रघुनाथपुर के रामानंद मध्य विद्यालय में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण, शैलेश ओझा बोले— पौधे की देखभाल ही माँ और प्रकृति के प्रति सच्चा सम्मान
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर :
पर्यावरण संरक्षण को मातृ सम्मान से जोड़ते हुए रघुनाथपुर स्थित रामानंद मध्य विद्यालय में शनिवार को विद्यालय इको क्लब के तत्वावधान में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। पूरे परिसर में पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखने से तय होती है।

उन्होंने कहा कि "माँ हमें जीवन, संस्कार और सुरक्षा देती हैं, जबकि वृक्ष पूरी मानवता को प्राणवायु, छाया, फल, औषधि और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। यदि हम अपनी माँ के प्रति सच्चा सम्मान व्यक्त करना चाहते हैं, तो उनके नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करें। यही मातृत्व और प्रकृति—दोनों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।" उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे संरक्षित करने का संकल्प निभाने का आह्वान किया।प्रधानाध्यापिका शहनाज बेगम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

शिक्षक अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर शिक्षक अशोक प्रसाद, आलोक कुमार, सुनीता कुमारी, राज कपूर प्रसाद सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न यह अभियान विद्यार्थियों में प्रकृति प्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत कर गया।

