'मां के नाम एक पौधा' अभियान से गूंजा सरस्वती शिशु मंदिर, बच्चों ने हरियाली का लिया संकल्प

पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के नया बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में 'मां के नाम एक पौधा' अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

'मां के नाम एक पौधा' अभियान से गूंजा सरस्वती शिशु मंदिर, बच्चों ने हरियाली का लिया संकल्प

__ विद्यालय परिसर में छात्रों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण के साथ उनकी देखभाल का भी लिया जिम्मा

केटी न्यूज/बक्सर।

पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के नया बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में 'मां के नाम एक पौधा' अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी मां के सम्मान में विद्यालय परिसर में एक-एक पौधा लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार के नेतृत्व में हुआ, जबकि संचालन उपेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उन्हें नियमित रूप से संरक्षित एवं विकसित करने का भी संकल्प लिया।

शिक्षकों ने बच्चों को पौधों के महत्व और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का भी आह्वान किया।उन्होंने कहा कि 'मां के नाम एक पौधा' अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का भी संदेश देता है।

इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास होता है।कार्यक्रम के दौरान दर्जनों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ पौधरोपण किया और विद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर संजीव कुमार, देवेंद्र वर्मा, सुशील कुमार, द्विजेश सिंह, संतोष तिवारी, श्वेती सिन्हा, रोहिणी कुमारी, अभय पांडेय, पूनम सिन्हा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया।