__ कैम्ब्रिज स्कूल के ‘स्पर्धा–2026’ में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम, तानसेन हाउस ने मारी बाजी; टैगोर दूसरे और रमन हाउस तीसरे स्थान पर

केटी न्यूज/डुमरांव।
बच्चों की प्रतिभा केवल किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं होती, बल्कि खेल के मैदान में उनका अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी उनके व्यक्तित्व की असली पहचान बनती है। इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए डुमरांव स्थित कैम्ब्रिज स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेल महोत्सव ‘स्पर्धा–2026’ का भव्य आयोजन किया गया। खेल के मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह, जीतने का जुनून और एक-दूसरे को प्रोत्साहित करने की भावना देखते ही बनी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर तानसेन हाउस ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। वहीं टैगोर हाउस दूसरे और रमन हाउस तीसरे स्थान पर रहा।

__ खेल शिक्षा का अभिन्न हिस्सा, बच्चों के व्यक्तित्व को देते हैं नई दिशा : टी.एन. चौबे
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन टी.एन. चौबे ने खेलों की उपयोगिता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल के जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। इसलिए शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से भी सक्षम बनाना होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डुमरांव कैम्ब्रिज स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।

__ डिजिटल सुरक्षा के प्रति बच्चों को किया जागरूक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ डिजिटल दुनिया के खतरों के प्रति भी सजग रहना जरूरी है। उन्होंने अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने, मोबाइल फोन का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जागरूक करने की अपील की।

__ दौड़ से लेकर क्रिकेट और कबड्डी तक दिखा रोमांच
खेल महोत्सव में 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर फ्लैट रेस, 400 मीटर रिले रेस, मैथ्स रेस तथा थ्री-लेग्ड रेस जैसी प्रतियोगिताओं ने खूब रोमांच पैदा किया। वहीं क्रिकेट, फुटबॉल, कैरम, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कबड्डी और खो-खो के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पदक प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।विद्यालय के प्राचार्य राजीव प्रधान ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों और कर्मचारियों की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

महोत्सव में विद्यालय के पांचों हाउस के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं मंच संचालन वागीशा और सोनल चौबे ने किया। अंत में विजेता हाउस और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।