श्रद्धांजलि सभा व प्रतिभा सम्मान समारोह में मां शांति देवी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
मां शांति देवी प्रधानाध्यापिका स्मृति संस्थान के तत्वावधान में कन्या प्राथमिक विद्यालय बस स्टैंड, केसठ के प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मौन श्रद्धांजलि के साथ हुई, जिसमें उपस्थित अतिथियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य लोगों ने मां शांति देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा एक मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

केटी न्यूज/केसठ।
मां शांति देवी प्रधानाध्यापिका स्मृति संस्थान के तत्वावधान में कन्या प्राथमिक विद्यालय बस स्टैंड, केसठ के प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मौन श्रद्धांजलि के साथ हुई, जिसमें उपस्थित अतिथियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य लोगों ने मां शांति देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा एक मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के वरिष्ठ नेता सह डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने की, जबकि संचालन बिनोद मास्टर ने किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने मां शांति देवी के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके सामाजिक योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उन्हें एक प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि मां शांति देवी ने अपने जीवनकाल में शिक्षा के प्रसार को अपना मुख्य उद्देश्य बनाया और विशेष रूप से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब एवं वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया। वे स्वयं बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने।

उन्होंने महिला शिक्षा और समाज सुधार को भी प्राथमिकता दी और बेटियों को शिक्षित करने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित प्रखंड प्रमुख मुन्ना सिंह ने कहा कि मां शांति देवी सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ हमेशा मुखर रहीं तथा उन्होंने समाज में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया। वहीं जिला परिषद सदस्य डॉ. विद्या भारती ने कहा कि जब तक बेटियां शिक्षित नहीं होंगी, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है। अन्य वक्ताओं एवं शिक्षाविदों ने कहा कि मां शांति देवी शिक्षकों को समाज परिवर्तन का मुख्य आधार मानती थीं। उनका मानना था कि शिक्षक केवल किताबों तक सीमित न रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

पंचायत मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे शिक्षा की अलख जगाने वाली प्रेरणादायी व्यक्तित्व थीं। इस अवसर पर संस्थान द्वारा बीते 10 दिनों से आयोजित सामान्य ज्ञान एवं खेल कूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सन विजन एकेडमी एवं इंड्स ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया। साथ ही इस वर्ष 10वीं और 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया।वही राज स्तरीय पंजा में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले राज रोशन को भी सम्मानित किया गया ।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रखंड में सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संदीप कुमार, सन विजन एकेडमी के डायरेक्टर धर्मेंद्र केसरी एवं इंड्स ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अख्तर अंसारी,उच्च विद्यालय केसठ के शिक्षक उमेश कुमार,कन्या प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अलाउद्दीन अंसारी सहित कई अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे मां शांति देवी के आदर्शों पर चलकर शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहेंगे। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

