स्वर सम्राज्ञी आशा भोसले के निधन की खबर पर ‘डाब’ ने जताया शोक
गायन जगत की प्रसिद्ध स्वर-साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन की खबर से भारतीय संगीत जगत, फिल्म उद्योग और देश-विदेश में बसे करोड़ों संगीत प्रेमियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। इस खबर ने कला और संस्कृति से जुड़े लोगों को गहरा आघात पहुँचाया है।
केटी न्यूज/बक्सर :
गायन जगत की प्रसिद्ध स्वर-साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन की खबर से भारतीय संगीत जगत, फिल्म उद्योग और देश-विदेश में बसे करोड़ों संगीत प्रेमियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। इस खबर ने कला और संस्कृति से जुड़े लोगों को गहरा आघात पहुँचाया है।इसी क्रम में जिला कलाकार संघ, बक्सर (डाब) के सदस्यों ने प्रेस वक्तव्य जारी कर इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आशा भोसले का योगदान केवल हिंदी सिनेमा तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संघ के अध्यक्ष सुरेश संगम ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने एक महान सुर-देवी को खो दिया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की आवाज केवल गीत नहीं, बल्कि भावनाओं की सजीव अभिव्यक्ति थी। उनके सुरों में प्रेम, पीड़ा, उल्लास और चंचलता का अद्भुत संगम देखने को मिलता था। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और कालजयी गीत आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।वहीं महासचिव हरिशंकर गुप्ता ने कहा कि आशा भोसले की आवाज में वह जादू था जो हर भावना को सहज रूप से अभिव्यक्त कर देता था। उन्होंने कहा कि उनके गीत श्रोताओं के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे और संगीत जगत को नई दिशा देते रहेंगे।संघ के सदस्यों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोक-संतप्त परिवार, उनके चाहने वालों और संगीत जगत को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।जिला कलाकार संघ (डाब) की ओर से दिवंगत महान कलाकार को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

