बुद्ध विहार से शांति का संदेश, विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन का भरोसा: मंत्री श्रीभगवान कुशवाहा
बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने रविवार को राजपुर प्रखंड के संगरॉव और मंगरॉव गांवों का दौरा कर क्षेत्रीय विकास तथा सामाजिक समरसता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

केटी न्यूज/राजपुर
बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने रविवार को राजपुर प्रखंड के संगरॉव और मंगरॉव गांवों का दौरा कर क्षेत्रीय विकास तथा सामाजिक समरसता को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।अपने दौरे के क्रम में मंत्री सबसे पहले संगरॉव गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। स्वागत समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह विद्रोही ने की, जबकि संचालन सचिन पांडेय ने किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी अपेक्षाओं से भी मंत्री को अवगत कराया।

इसके बाद मंत्री मंगरॉव स्थित सम्राट अशोक बुद्ध विहार पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बुद्ध विहार जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल समाज को शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं, जिन्हें संरक्षित और विकसित करना समय की आवश्यकता है।जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और अशांति का वातावरण है। ऐसे दौर में भगवान बुद्ध के विचार और उनके बताए मार्ग विश्व शांति की स्थापना के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों और समुदायों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं का लाभ जल्द ही लोगों को व्यापक स्तर पर दिखाई देगा।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक संतोष कुमार निराला सहित जदयू के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में विकास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर सकारात्मक चर्चा का माहौल देखने को मिला।

