वोट कटौती के विरोध में पटना में प्रदर्शन के दौरान डुमरांव के पूर्व विधायक घायल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गुरुवार को पटना में सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब वोटों की कथित कटौती के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से इलाका गूंजता रहा।

वोट कटौती के विरोध में पटना में प्रदर्शन के दौरान डुमरांव के पूर्व विधायक घायल

केटी न्यूज/डुमरांव।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गुरुवार को पटना में सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब वोटों की कथित कटौती के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से इलाका गूंजता रहा। इसी दौरान डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह पुलिस के साथ हुई झड़प में घायल हो गए।प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता का नाम सूची से हटना महज प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उसके मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है।

प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से हटाए गए नामों को दोबारा मतदाता सूची में शामिल करने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की।बताया जाता है कि प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जबकि पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। अफरातफरी के बीच पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह को कमर में चोट लग गई। चोट लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।

पूर्व विधायक के घायल होने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई। समर्थकों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने का प्रयास बताया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान लगातार नारेबाजी और पुलिस के साथ तनातनी के कारण काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-काटने की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष समाधान जरूरी है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो।