स्थानीय कारोबार को मिलेगा सरकारी सहारे का ‘सिंगल विंडो’, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

जिले में छोटे कारोबार और स्थानीय उद्यमिता को नई रफ्तार देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों में स्थापित किए गए एमएसएमई केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीएम साहिला भी शामिल हुईं।

स्थानीय कारोबार को मिलेगा सरकारी सहारे का ‘सिंगल विंडो’, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

__ एमएसएमई केंद्र से पंजीकरण से लेकर बैंक ऋण तक की राह होगी आसान, योजनाओं का लाभ दिलाने में ‘एमएसएमई मित्र’ निभाएंगे अहम भूमिका

केटी न्यूज/बक्सर।

जिले में छोटे कारोबार और स्थानीय उद्यमिता को नई रफ्तार देने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों में स्थापित किए गए एमएसएमई केंद्रों का ऑनलाइन उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीएम साहिला भी शामिल हुईं। इस केंद्र के शुरू होने से जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और बैंकिंग सुविधाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है।एमएसएमई केंद्र को उद्यमियों के लिए ‘सिंगल विंडो सपोर्ट सिस्टम’ के रूप में विकसित किया गया है। यहां नए कारोबार की शुरुआत से लेकर पहले से संचालित इकाइयों के विस्तार तक के लिए जरूरी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा, महिला उद्यमी और स्थानीय कारीगर इस व्यवस्था से सीधे लाभान्वित हो सकेंगे।

__ पंजीकरण से ऋण तक एक ही जगह मदद

केंद्र के माध्यम से नए और मौजूदा उद्यमियों को उद्यम पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी। पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन और नि:शुल्क होगी। वहीं, स्थानीय निर्माण इकाइयों को गुणवत्ता और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन के लिए जेड (जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट) प्रमाणन हासिल करने में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे संबंधित इकाइयों को सरकारी प्रोत्साहन और बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में मदद मिलेगी।सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सबसे बड़ी बाधा अक्सर परियोजना तैयार करने, दस्तावेज जुटाने और बैंक ऋण की प्रक्रिया को माना जाता है। एमएसएमई केंद्र इस स्तर पर भी उद्यमियों का हाथ थामेगा। पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी योजनाओं के तहत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने से लेकर बैंक में ऋण आवेदन और स्वीकृति की प्रक्रिया तक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

__ ‘एमएसएमई मित्र’ बनेंगे उद्यमियों के सारथी

केंद्र की सबसे अहम कड़ी ‘एमएसएमई मित्र’ होंगे। उद्योग विभाग द्वारा प्रशिक्षित ये प्रतिनिधि उद्यमियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, कागजी प्रक्रिया और ऑनलाइन पंजीकरण में व्यावहारिक सहयोग देंगे। बैंक, सरकारी विभाग और उद्यमियों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रक्रियागत अड़चनों को दूर करने में भी इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।इसके अलावा एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी), क्लस्टर विकास, जीईएम पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग और निर्यात प्रोत्साहन जैसी गतिविधियों को भी केंद्र से बढ़ावा मिलेगा। माना जा रहा है कि यह व्यवस्था बक्सर में स्थानीय संसाधनों को कारोबार से जोड़ने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम साबित होगी।