दियरांचल के शिक्षानायक के नाम पर हो बड़का राजपुर का प्रवेश द्वार, डीएम से उठी मांग

सिमरी प्रखंड के राजपुर कला (बड़का राजपुर) पंचायत में निर्माणाधीन ग्राम प्रवेश द्वार को लेकर नामकरण की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने इस प्रवेश द्वार का नाम दियरांचल क्षेत्र के प्रख्यात शिक्षाविद और समाजसेवी स्वर्गीय पंडित केशव प्रसाद मिश्रा के नाम पर रखने की मांग की है।

दियरांचल के शिक्षानायक के नाम पर हो बड़का राजपुर का प्रवेश द्वार, डीएम से उठी मांग

__ 1954 में आदर्श उच्च विद्यालय की स्थापना में निभाई थी अहम भूमिका, क्षेत्रवासी बोले- शिक्षा के क्षेत्र में पंडित केशव प्रसाद मिश्रा का योगदान रहा ऐतिहासिक

केटी न्यूज/सिमरी 

सिमरी प्रखंड के राजपुर कला (बड़का राजपुर) पंचायत में निर्माणाधीन ग्राम प्रवेश द्वार को लेकर नामकरण की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने इस प्रवेश द्वार का नाम दियरांचल क्षेत्र के प्रख्यात शिक्षाविद और समाजसेवी स्वर्गीय पंडित केशव प्रसाद मिश्रा के नाम पर रखने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामवासी अभिषेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जनभावनाओं से अवगत कराया है।आवेदन में कहा गया है कि पंडित केशव प्रसाद मिश्रा ने दियरांचल क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को देखते हुए ग्रामीण उन्हें सम्मानपूर्वक ‘दियरांचल का मालवीय’ के नाम से याद करते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 1954 में बड़का राजपुर में आदर्श उच्च विद्यालय की स्थापना में पंडित केशव प्रसाद मिश्रा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही थी। उस समय क्षेत्र में शिक्षा के सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने विद्यालय स्थापना की दिशा में पहल की, जिससे ग्रामीण इलाके के हजारों विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला। वर्तमान में यही विद्यालय +2 विद्यालय के रूप में क्षेत्र की प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं में शामिल है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उनके शिक्षा संबंधी प्रयासों का लाभ लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों को मिलता रहा। उनके मार्गदर्शन और सोच से प्रेरित होकर कई विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाई और उच्च पदों तक पहुंचे।

ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे शिक्षानायक की स्मृति को स्थायी रूप देने के लिए ग्राम प्रवेश द्वार का नाम उनके नाम पर किया जाना उचित होगा।अभिषेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का नामकरण ‘दियरांचल के मालवीय पंडित केशव प्रसाद मिश्रा स्मृति द्वार’ के रूप में किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को क्षेत्र के गौरवशाली शैक्षणिक इतिहास और समाजसेवियों के योगदान की जानकारी मिलती रहेगी।मांग पत्र की प्रतिलिपि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन के निर्णय पर टिकी है।