आदर्श नगर में बिजली संकट का समाधान, 63 की जगह लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर
डुमरांव नगर के आदर्श नगर स्थित डीके कॉलेज क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 में लंबे समय से बनी बिजली समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। लगातार लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में हो रही परेशानी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद राहत मिली है।

__ 24 घंटे के भीतर विभाग ने बदली व्यवस्था, लो वोल्टेज की समस्या खत्म होने से उपभोक्ताओं को मिली राहत
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव नगर के आदर्श नगर स्थित डीके कॉलेज क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 में लंबे समय से बनी बिजली समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। लगातार लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में हो रही परेशानी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद राहत मिली है। विभाग ने महज 24 घंटे के अंदर पुराने ट्रांसफार्मर को बदलकर उसकी क्षमता बढ़ा दी, जिसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई।जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर इलाके में लगाया गया 63 केवीए का ट्रांसफार्मर उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या और अधिक लोड के कारण दबाव में आ गया था। क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण खासकर पीक आवर में लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही थी।

इसका असर घरेलू उपकरणों के संचालन के साथ-साथ छोटे कारोबारियों के कामकाज पर भी पड़ रहा था।समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर स्थायी समाधान की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर स्थिति की जांच कराई। जांच में ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने की पुष्टि हुई।इसके बाद विभाग ने तत्काल निर्णय लेते हुए पुराने 63 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 100 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। तकनीकी कर्मियों की टीम ने निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्था के साथ ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य पूरा किया।

नया ट्रांसफार्मर चालू होते ही इलाके में बिजली आपूर्ति में सुधार देखने को मिला और लोगों को लो वोल्टेज की परेशानी से निजात मिली।स्थानीय उपभोक्ताओं और दुकानदारों ने बिजली विभाग की इस त्वरित पहल की सराहना की। उनका कहना है कि समय रहते क्षमता वृद्धि किए जाने से आने वाले समय में भी बिजली आपूर्ति बेहतर बनी रहेगी।कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जहां भी तकनीकी समस्या सामने आएगी, वहां तत्काल कार्रवाई कर समाधान किया जाएगा।

