उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, निवेश बढ़ाने पर जोर

जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में "उद्योग वार्ता" का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के निवेशकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, निवेश बढ़ाने पर जोर

__ डीएम साहिला ने ‘उद्योग वार्ता’ में उद्यमियों से किया सीधा संवाद, वन, बिजली व सड़क से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का दिया निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में "उद्योग वार्ता" का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के निवेशकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान नावानगर एवं बक्सर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित तथा प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से जिलाधिकारी ने सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की विस्तार से जानकारी ली।बैठक में उद्यमियों ने मुख्य रूप से वन विभाग से संबंधित स्वीकृतियों, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा सड़क संपर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास में प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा और निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक के दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, बक्सर ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 के तहत मिलने वाले लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया से उद्यमियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र तथा पंजाब नेशनल बैंक, बक्सर के अग्रणी बैंक प्रबंधक को इन योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान मेसर्स खाना मखाना की प्रोपराइटर नीलू कुमारी ने मखाना से चॉकलेट निर्माण की संभावनाओं पर विस्तृत सुझाव प्रस्तुत किया।

इस नवाचार को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई और स्थानीय कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर बल दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि "उद्योग वार्ता" का उद्देश्य जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, नए निवेश को आकर्षित करना तथा उद्यमियों को सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ना है, ताकि बक्सर में रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें और औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।बैठक में सहायक समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, उपायुक्त वाणिज्यकर, श्रम अधीक्षक, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला उद्यान पदाधिकारी, डीपीएम जीविका सहित जिले के अनेक निवेशक एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।