बिहार में बहुजनों पर अत्याचार बर्दास्त नहीं : अनिल कुमार
बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने बिहार में संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि समिति प्रदेश में बहुजन समाज की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रदेश एवं राष्ट्रीय कमिटी का गठन किया गया है और अब पूरे बिहार में संगठन का विस्तार पंचायत स्तर तक किया जाएगा।

--बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (BS4)का बिहार में विस्तार
--पूर्व विधायक रामचन्द्र सिंह यादव बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
केटी न्यूज/ पटना।
बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने बिहार में संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि समिति प्रदेश में बहुजन समाज की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रदेश एवं राष्ट्रीय कमिटी का गठन किया गया है और अब पूरे बिहार में संगठन का विस्तार पंचायत स्तर तक किया जाएगा। अनिल कुमार ने कहा कि बहुजनों के साथ होने वाली असमानता, अत्याचार, अधिकारों के हनन, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को संगठन प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान के अधिकार से लेकर शिक्षा और रोजगार तक बहुजन समाज के सामने मौजूद समस्याओं को लेकर संगठन अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार अभियान चलाएगा।

अनिल कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य बिहार में जुल्म, जातीय भेदभाव और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने वर्तमान सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर बहुजन समाज को अपेक्षित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्रिमंडल में भी बहुजन समाज के अधिकार के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि समिति किसी एक व्यक्ति या वर्ग की संस्था नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की आवाज बनने का प्रयास करेगी जो सामाजिक भेदभाव और अत्याचार से मुक्त बिहार चाहते हैं। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों का परिचय कराते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में पूर्व विधायक रामचंदर सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया और राष्ट्रीय महासचिव के रूप में सुशील सिंह कुशवाहा के नाम का उल्लेख किया। प्रदेश कमिटी में संजय कुमार मंडल को प्रदेश अध्यक्ष तथा साजिद हुसैन को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन बिहार में सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी परियोजनाओं में जनता के पैसे की लूट की जा रही है और इसे रोकने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति परियोजनाओं को सही ढंग से और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए आवाज उठाएगी। अनिल कुमार ने कहा कि बिहार में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं को सामने लाया जा सके और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि समिति सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी।

अनिल कुमार ने कहा कि समिति का मिशन किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का बिहार और भारत बनाने की दिशा में काम करना है। उन्होंने छत्रपति शाहूजी महाराज, सावित्रीबाई फुले, सरदार पटेल, ललई सिंह यादव और जगदेव प्रसाद सहित विभिन्न महापुरुषों के विचारों और सामाजिक संदेशों को संगठन के काम का आधार बताया। उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक शैक्षणिक गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी नालंदा में दुनिया भर से लोग शिक्षा ग्रहण करने आते थे, जबकि आज बिहार के बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शिक्षा एवं रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अवसर बिहार में उपलब्ध कराने तथा सामाजिक न्याय की दिशा में काम करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति पूरे बिहार में संगठन को मजबूत करने और अपने घोषित उद्देश्यों के लिए काम करेगी।

बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति की नवगठित प्रदेश कमेटी की घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार द्वारा की गई। नवगठित कमेटी में संजय कुमार मंडल को प्रदेश अध्यक्ष, जबकि साजिद हुसैन, बालेन्द्र दास और जीव्नेश्वर जिज्ञासु को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश महासचिव के रूप में मंजू चौहान, पवन कुमार, संतोष पाल, धनजी पाल, सुधीर कुमार, कमलेश राव, संतोष यादव, छेदी लाल राम, रंजित राजभर, मिथिलेश कुमार, राजकुमार, अशोक मेहता, अभीलाल राम, राजेंद्र राम, मुकेश कुमार सुमन, विष्णु देव प्रसाद, श्रवण कुमार, सुरेन्द्र राम, दिनेश महेश्वरी, डॉ. मुन्ना कुशवाहा और जय प्रकाश राम को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, दीपक पटेल, रविरंजन कुमार, सलेन्द्र कुमार सुमन, रवि कुशवाहा, शिव बहादुर पटेल, रामू खरवारक्ष, अशोक चंद्रवंशी, पुन्केश कुमार राम और कंचन रवि को प्रदेश सचिव बनाया गया है।

