__ आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में डीडीसी निहारिका छवि ने किया उद्घाटन, बच्चों को सिखाई जाएगी लोक कला की बारीकियां; 13 नवंबर को रामरेखा घाट पर लगेगी चित्रकला प्रदर्शनी
केटी न्यूज/बक्सर।
भोजपुरी कला और लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल के तहत भास्कर महोत्सव 2026 के अवसर पर बुधवार को बक्सर में तीन दिवसीय निःशुल्क भोजपुरी चित्रकला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में किया। 11 से 13 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को भोजपुरी चित्रकला की विभिन्न विधाओं और लोक कला की बारीकियों से परिचित कराया जाएगा।कार्यक्रम का आगाज लोक आस्था के महापर्व छठ के पारंपरिक गीतों की मधुर प्रस्तुति से हुआ।

आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के बच्चों कृष्णा, अभिमन्यु, प्रभात, राहुल, सत्यम एवं रत्न मानस ने छठ गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, उच्च विद्यालय जासो के छात्र-छात्राओं ने छठ गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी निहारिका छवि ने छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होती है। इसे संरक्षित रखने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में कला की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने, पारंपरिक कलाओं को सीखने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल बच्चों के बीच चित्रकला सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन के साथ ही 13 नवंबर को अपराह्न 2:30 बजे रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड परिसर में प्रशिक्षुओं की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।मौके पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी, चित्रकला प्रशिक्षक नीलम कुमारी, कमलेश कुंदन, रूपा कुमारी, सौरभ कुमार एवं सुनीता कुमारी के अलावा आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के शिक्षक रविरंजन चौबे, शुभम कुमार, मनीष शर्मा एवं महिमा साक्षी उपस्थित रहे।यह आयोजन बच्चों की कलात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ भोजपुरी चित्रकला और लोक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।