पानी में तैरते बोरे ने मचाया हड़कंप, शव की आशंका में पहुंची पुलिस; खुला राज तो निकला मरा भैंस का बच्चा
चौसा-धनसोई मार्ग पर रविवार की सुबह पानी भरे गड्ढे में तैरता सफेद बोरा अचानक कौतूहल और दहशत का कारण बन गया। बोरे की संदिग्ध स्थिति देखकर मौके पर जुटे लोगों ने उसके अंदर किसी व्यक्ति का शव होने की आशंका जताई। देखते ही देखते भीड़ बढ़ने लगी और मामला पुलिस तक पहुंच गया।

— चौसा-धनसोई मार्ग पर घंटों बना रहा कौतूहल, बोरा खुलते ही दूर हुआ लोगों का शक
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-धनसोई मार्ग पर रविवार की सुबह पानी भरे गड्ढे में तैरता सफेद बोरा अचानक कौतूहल और दहशत का कारण बन गया। बोरे की संदिग्ध स्थिति देखकर मौके पर जुटे लोगों ने उसके अंदर किसी व्यक्ति का शव होने की आशंका जताई। देखते ही देखते भीड़ बढ़ने लगी और मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब बोरे को बाहर निकलवाकर खुलवाया तो पूरी कहानी ही अलग निकली। बोरे के अंदर इंसानी शव नहीं, बल्कि एक मृत भैंस का बच्चा मिला। इसके बाद लोगों की आशंका दूर हुई और मौके पर बना हड़कंप भी शांत हो गया।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चौसा इंडेन गैस एजेंसी के समीप की है। बताया जाता है कि रविवार की सुबह कुछ युवक उधर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी से भरे गड्ढे में तैर रहे सफेद बोरे पर पड़ी। बोरा पानी के ऊपर इस तरह तैर रहा था कि दूर से देखने पर उसके भीतर किसी शव के होने का संदेह हो रहा था। युवकों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोरे को पानी से बाहर निकलवाया।

पुलिस की मौजूदगी में बोरा खोला गया तो उसमें मृत भैंस के बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने राहत की सांस ली।स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी व्यक्ति ने मृत भैंस के बच्चे को सफेद प्लास्टिक के बोरे में डालकर पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था। पानी में पड़े रहने के कारण बोरा ऊपर आकर तैरने लगा, जिससे दूर से देखने पर वह संदिग्ध प्रतीत हुआ।मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि बोरे में इंसानी शव होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान बोरे के अंदर मृत भैंस के बच्चे का शव मिला।

