नशे से दूरी, स्वस्थ जीवन की गारंटी: डीके कॉलेज में गूंजा जागरूकता का संदेश
डीके कॉलेज, डुमरांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण सिंह एवं डॉ. पूनम कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

__ एनएसएस के बैनर तले चला नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ; खो-खो और पिट्टो खेल से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
केटी न्यूज/डुमरांव।
डीके कॉलेज, डुमरांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण सिंह एवं डॉ. पूनम कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जागरूकता के साथ पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कुमार सुशांत गुप्ता ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसकी शारीरिक, मानसिक और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने और नशे से संबंधित प्रलोभनों से बचने की अपील की।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण सिंह ने स्वयंसेवकों से अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त समाज जरूरी है। वहीं, डॉ. अब्दुल कैश ने नशे के विभिन्न प्रकारों की जानकारी देते हुए बताया कि कई युवा शुरुआत में शौक या दूसरों की देखा-देखी नशे का सेवन करते हैं, जो धीरे-धीरे आदत का रूप ले सकता है।डॉ. अवनीश सिंह, डॉ. पूनम मौर्या और डॉ. रमेश यादव सहित अन्य शिक्षकों ने भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूरी बनाए रखने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है।

__ खेलों के जरिए दिया स्वस्थ रहने का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच खो-खो एवं पिट्टो खेल का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना का संदेश दिया गया। साथ ही पारंपरिक खेलों के संरक्षण और संवर्धन पर भी बल दिया गया।अंत में डॉ. पूनम कुमारी ने उपस्थित शिक्षक-कर्मियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। साहिल कुमार, नीतीश कुमार गुप्ता, राहुल कुमार यादव, खुशी कुमारी, हिना परवीन, लीला कुमारी, मुस्कान और अभिषेक कुमार सहित अन्य विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। मौके पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


