प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, 161 लाभुकों ने उठाया योजनाओं का लाभ

बिहार सरकार के निर्देशानुसार डुमरांव प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना था।

प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, 161 लाभुकों ने उठाया योजनाओं का लाभ

__ लकवाग्रस्त बुजुर्ग को मिला ट्राई साइकिल, उप विकास आयुक्त ने किया शिविर का निरीक्षण

केटी न्यूज/डुमरांव

बिहार सरकार के निर्देशानुसार डुमरांव प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना था। शिविर में ग्रामीण विकास विभाग, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, आपूर्ति समेत 16 विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।शिविर के दौरान कुल 161 लाभुकों ने आवेदन देकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए जांच शिविर में 48 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 38 लोगों की नेत्र जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

इसके अलावा पांच पात्र लाभुकों का आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाया गया, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।शिविर के दौरान एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य भी देखने को मिला। गणेश कुमार केशरी अपनी पेंशन संबंधी समस्या के समाधान के लिए शिविर में पहुंचे थे। कुछ समय पूर्व लकवा की चपेट में आने के कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे और प्लास्टिक की कुर्सी के सहारे किसी तरह आवागमन कर रहे थे। उनकी स्थिति को देखते हुए उपस्थित अधिकारियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। ट्राई साइकिल मिलने के बाद गणेश कुमार और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि सरकार की “सबका सम्मान, जीवन आसान” की सोच वास्तव में धरातल पर दिखाई दे रही है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आगामी एक दिन तक प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।शिविर का निरीक्षण उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने भी किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया, अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।