नशा कारोबार पर सख्ती की मांग, जद(यू) नेता ने एसपी से की विशेष कार्रवाई की अपील
जद(यू) नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बक्सर जिले में कथित रूप से बढ़ रहे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक बक्सर को संबोधित एक मांग पत्र के माध्यम से जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया है।

__ युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव का उठाया मुद्दा, कृष्णाब्रह्म और ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने की मांग
केटी न्यूज/डुमरांव
जद(यू) नेता रवि उज्जवल कुशवाहा ने बक्सर जिले में कथित रूप से बढ़ रहे मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक बक्सर को संबोधित एक मांग पत्र के माध्यम से जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया है।रवि उज्जवल कुशवाहा ने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर कृष्णाब्रह्म थाना और ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर मादक पदार्थों की बिक्री खुलेआम की जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नशे की लत समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है और इसके खिलाफ समय रहते कठोर कदम उठाना आवश्यक है।जद(यू) नेता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर बाजारों तक नशा कारोबार को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका दुष्प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ सकता है।उन्होंने विशेष रूप से टुडीगंज बाजार का उल्लेख करते हुए वहां कथित रूप से सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की।कुशवाहा ने कहा कि पुलिस को सूचना तंत्र मजबूत करते हुए अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के नेटवर्क को ध्वस्त करना चाहिए।

ताकि युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाया जा सके।रवि उज्जवल कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक से स्वयं मामले का संज्ञान लेकर संबंधित थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करें।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और जिले में कानून व्यवस्था के साथ-साथ युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

