कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में डीडीसी सख्त, छात्रावासों में शीघ्र नामांकन व लंबित योजनाएं पूरी करने का निर्देश

समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में जिला कल्याण कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न छात्रावासों, विद्यालयों तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में डीडीसी सख्त, छात्रावासों में शीघ्र नामांकन व लंबित योजनाएं पूरी करने का निर्देश

__ रिक्त सीटों को भरने, विद्यालयों में शिक्षक प्रतिनियुक्ति और भवन मरम्मत कार्य में तेजी लाने पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर

समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में जिला कल्याण कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न छात्रावासों, विद्यालयों तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी बक्सर, छात्रावास प्रबंधक डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास 11 नंबर लख, डॉ. अंबेडकर कल्याण बालिका छात्रावास कोईरपुरवा, विद्यालय प्रबंधक पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग छात्रावास, छात्रावास समन्वयक जननायक कर्पूरी ठाकुर कल्याण छात्रावास, भवन निर्माण विभाग, भवन निर्माण निगम लिमिटेड सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने डॉ. अंबेडकर कल्याण बालिका एवं बालक छात्रावासों में रिक्त सीटों पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि रिक्त सीटों के विरुद्ध जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया पूरी कर योग्य विद्यार्थियों को छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराई जाए।डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर बक्सर की समीक्षा के क्रम में भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता को विद्यालय परिसर में चल रहे मेंटेनेंस कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है।बैठक में सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड निर्माण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया कि कई योजनाएं अब भी लंबित हैं।

इस पर उप विकास आयुक्त ने स्थानीय क्षेत्र संगठन कार्य प्रमंडल, बक्सर के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।समीक्षा के दौरान अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी डुमरांव ने नव निर्मित विद्यालय भवन में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को अत्यंत आवश्यक बताया। इस पर उप विकास आयुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को निर्देशित किया कि नव निर्मित विद्यालय में जल्द से जल्द शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।उप विकास आयुक्त ने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्य करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।