तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आज से, एक ही छत के नीचे मिलेंगी दर्जनों सरकारी योजनाओं की सुविधाएं
जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में 16 जून से 18 जून तक तीन दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस विशेष अभियान की शुरुआत की है।


__ आयुष्मान कार्ड, आवास, पेंशन, किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन व लाभ वितरण की होगी व्यवस्था
केटी न्यूज/बक्सर
जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में 16 जून से 18 जून तक तीन दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, पंजीकरण, सत्यापन तथा लाभ वितरण की व्यवस्था की गई है।

प्रमुख योजनाओं में आयुष्मान भारत योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मनरेगा, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाएं तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना शामिल हैं।

शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां प्रशिक्षित कर्मी और स्वयंसेवक लाभार्थियों को सही काउंटर तक पहुंचाने, आवेदन पत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करेंगे।इसके अलावा स्वास्थ्य जांच केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जहां रक्तचाप, रक्त शर्करा जांच और स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड नामांकन केंद्रों के निकट ही स्वास्थ्य जांच केंद्र लगाने का निर्देश दिया गया है।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में आते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र साथ लेकर आएं, ताकि आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।शिविर की निगरानी के लिए जिले के वरीय अधिकारियों को प्रखंडों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि यह शिविर सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

