छह घंटे में अपहरण कांड का खुलासा, 475 लीटर शराब बरामदगी पर पुलिस अफसर सम्मानित
अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले डुमरांव अनुमंडल के दो पुलिस पदाधिकारियों को सोमवार को जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने डुमरांव अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार तथा नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।

__ एसपी की क्राइम मीटिंग में डुमरांव अनुमंडल की पुलिसिंग की सराहना, त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण को बताया प्रभावी पुलिसिंग की मिसाल
केटी न्यूज/डुमरांव।
अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले डुमरांव अनुमंडल के दो पुलिस पदाधिकारियों को सोमवार को जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने डुमरांव अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार तथा नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। एसपी ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और समयबद्ध कार्रवाई से न केवल अपराधियों पर शिकंजा कसता है, बल्कि आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है।अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार को वासुदेवा अपहरण कांड में त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस टीम ने सूचना मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन किया और छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

कम समय में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की तत्परता और टीमवर्क का उदाहरण माना गया। मामले में त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सकारात्मक संदेश गया।इसी तरह नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 475.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना गया।

नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार इससे पहले भी अपनी कार्यशैली और बेहतर पुलिसिंग के लिए एसपी से कई बार सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें करीब आधा दर्जन बार प्रशस्ति पत्र और सम्मान राशि मिल चुकी है।क्राइम मीटिंग में एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, त्वरित अनुसंधान तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर परिणाम देने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

