ईद को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट: 129 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल तैनात, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

ईद-उल-फितर (ईद) 2026 के मद्देनजर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर भवन, बक्सर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल के साथ अहम ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी और समन्वय के साथ कार्य करें।

ईद को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट: 129 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल तैनात, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

-- डीएम-एसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग में दिए सख्त निर्देश, 20-21 मार्च को सुबह 6 बजे से पूरी व्यवस्था रहेगी एक्टिव

केटी न्यूज/बक्सर

ईद-उल-फितर (ईद) 2026 के मद्देनजर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर भवन, बक्सर में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल के साथ अहम ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी और समन्वय के साथ कार्य करें।प्रशासन द्वारा 20 और 21 मार्च को सुबह छह बजे से ईद पर्व की समाप्ति अथवा स्थिति सामान्य होने तक सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को अपने-अपने तैनाती स्थल पर डटे रहने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही सभी को हर प्रकार की निरोधात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमरांव को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी समय पर अपने स्थान पर पहुंच चुके हैं। साथ ही वे क्षेत्र की स्थिति का स्वयं आंकलन कर आवश्यक कदम उठाएंगे।संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए बिहार पुलिस रेडियो के वितंतु पर्यवेक्षक को निर्देश दिया गया है कि जिले के सभी वायरलेस सेट 24 घंटे चालू रखें और सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें। वहीं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को बज्र वाहन के साथ दंगा नियंत्रण दल को बक्सर नगर थाना और डुमरांव थाना में तैनात करने का निर्देश दिया गया है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। जिला अग्निशाम पदाधिकारी को समाहरणालय, मॉडल थाना बक्सर और डुमरांव थाना में फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया है।नगर निकायों को मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। बिजली विभाग को लगातार निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और लटकते तारों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव समेत सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की टीम, दवाइयों और एम्बुलेंस के साथ अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही निजी अस्पतालों को भी किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है, जिसे सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अनुमंडल स्तर पर भी अतिरिक्त टीमें गठित की जाएंगी।जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर में स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा।

सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के लिए साइबर थाना और प्रशासनिक अधिकारियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।प्रशासन ने सभी थानाध्यक्षों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहने को कहा है। इस दौरान किसी भी विवाद की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।ईद के अवसर पर कुल 129 दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 31 गश्ती दल और 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से शांति, भाईचारा और सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।