पोते के साथ घर लौट रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, पोता जख्मी

स्थानीय थाना क्षेत्र में एन एच-319 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। परमडीह पुल के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में परमानपुर निवासी 65 वर्षीय ललन राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ साइकिल पर सवार पोता गंभीर रूप से घायल हो गया।

पोते के साथ घर लौट रहे बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, पोता जख्मी

__ग्रामीणों के आक्रोश से एन एच-319 पर थमी वाहनों की रफ्तार, अधिकारियों के आश्वासन पर हटा जाम

केटी न्यूज। नावानगर

स्थानीय थाना क्षेत्र में एन एच-319 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। परमडीह पुल के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में परमानपुर निवासी 65 वर्षीय ललन राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ साइकिल पर सवार पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर आवागमन बाधित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ललन राम परमानपुर गांव में किराना दुकान चलाते थे। शुक्रवार की सुबह वह अपने पोते के साथ मलियाबाग से सामान खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान परमडीह पुल के समीप तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललन राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पोता घायल हो गया। घायल बच्चे को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। 

__आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बुजुर्ग की मौत से नाराज ग्रामीणों ने उक्त स्थान  से गुजर रही एन एच-319 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी आक्रोश था। ईधर सूचना मिलते ही सीओ सुधांशु शेखर मिश्रा और नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे  जाम के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ।

__ कार जब्त, जांच में जुटी पुलिस 

थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार के लिए शुक्रवार की सुबह सामान्य दिन की तरह शुरू हुई थी, वह कुछ ही पलों में अपनों को खोने के दर्द में बदल गई।