सबका सम्मान-जीवन आसान : जन सुनवाई में गूंजे लोगों के मुद्दे
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला ने खुद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

__ राजस्व मामलों की सबसे अधिक शिकायतें, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला ने खुद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जन सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

जन सुनवाई के दौरान लोगों ने जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, विकास योजनाओं में अनियमितता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य समस्याओं से जुड़े कुल 36 आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 20 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। वहीं विकास कार्यों से संबंधित 8 तथा अन्य विभागों से जुड़े 8 आवेदन भी सामने आए। कई फरियादियों ने लंबित मामलों के कारण हो रही परेशानी से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जन सुनवाई के दौरान कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित राहत पहुंचाना है और जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनता और सरकार के बीच विश्वास कायम रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जन सुनवाई जैसे कार्यक्रमों से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है।

