__खाली पड़ी रहीं कुर्सियां, कंप्यूटर कक्ष में दिखे महज दो कर्मी जरूरी काम कराने पहुंचे लोगों को लौटना पड़ा निराश
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड मुख्यालय स्थित केसठ अंचल कार्यालय में कर्मचारियों की हड़ताल और अंचल अधिकारी के अवकाश पर रहने के कारण कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। शनिवार को कार्यालय परिसर में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। विभिन्न कार्यों के सिलसिले में अंचल कार्यालय पहुंचे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।कार्यालय की स्थिति यह थी कि अधिकांश कमरों में कर्मचारियों की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। कार्यालय परिसर में भी लोगों की आवाजाही काफी कम दिखाई दी।

निरीक्षण के दौरान केवल कंप्यूटर कक्ष में दो कर्मचारी मौजूद नजर आए, जबकि अन्य कमरों में सन्नाटा पसरा हुआ था।जमीन से जुड़े कार्यों, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, राजस्व संबंधी मामलों और अन्य जरूरी कामों को लेकर पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग संबंधित कर्मचारियों की तलाश में एक कमरे से दूसरे कमरे तक भटकते रहे, लेकिन कामकाज नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा।ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अंचल अधिकारी अवकाश पर हों और कर्मचारी हड़ताल पर रहें, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा?

सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।अंचल कार्यालय में कामकाज प्रभावित होने से आम लोगों के जरूरी कार्य लंबित हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस स्थिति को लेकर क्या कदम उठाता है और लोगों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कब तक सुनिश्चित की जाती है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।