__ मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन सुविधाएं शुरू कराने की मांग, एसडीएम को सौंपा आवेदन
केटी न्यूज/डुमरांव।
अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली और मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिलने के मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता हरे कृष्णा सिंह उर्फ कृष्णा यादव ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर आगामी 6 दिसंबर से शहीद स्मारक पार्क के समीप अनिश्चितकालीन धरना देने की अनुमति मांगी है। धरना संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर शुरू किया जाएगा।आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि अस्पताल में वर्षों से तैयार 20 बेड का मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट का उद्घाटन 5 अगस्त 2025 को किया गया, लेकिन अब तक इसका लाभ जरूरतमंद माताओं और नवजात शिशुओं को नहीं मिल रहा है।

उन्होंने यूनिट को तत्काल चालू कराने की मांग उठाई है। इसके अलावा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा नियमित रूप से शुरू करने, सिजेरियन प्रसव, हाइड्रोसील एवं हर्निया के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा ब्लड बैंक की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में गरीब मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ती है। उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी में कथित लापरवाही तथा उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद कर्मियों के गायब रहने के मामले की जांच कराने की भी मांग की है।

आवेदन में सदर अस्पताल बक्सर के 10 बेड वाले आईसीयू का मुद्दा भी उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान आईसीयू संचालन का आदेश जारी हुआ, लेकिन बाद में मानव बल और उपकरणों की कमी बताकर सेवा बंद कर दी गई। कृष्णा यादव ने लोकहित में स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त कराने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। उन्होंने धरना के दौरान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी प्रशासन से मांग की है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।