टीबी मुक्त बक्सर अभियान को मिलेगी नई रफ्तार, स्क्रीनिंग और पोषण सहयोग बढ़ाने के निर्देश

जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने अभियान को और प्रभावी बनाने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में टीबी स्क्रीनिंग अभियान, मरीजों के उपचार और पोषण सहयोग की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

टीबी मुक्त बक्सर अभियान को मिलेगी नई रफ्तार, स्क्रीनिंग और पोषण सहयोग बढ़ाने के निर्देश

__ डीएम साहिला की समीक्षा बैठक में उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने, समय पर उपचार और जनभागीदारी से फूड बास्केट उपलब्ध कराने पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर:

जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने अभियान को और प्रभावी बनाने की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में टीबी स्क्रीनिंग अभियान, मरीजों के उपचार और पोषण सहयोग की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक लोगों की समय पर जांच कर संभावित मरीजों की पहचान सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने टीबी स्क्रीनिंग अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने जिला यक्ष्मा पदाधिकारी को स्क्रीनिंग कार्य में शिथिलता के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

साथ ही कहा कि अभियान को पूरी गंभीरता और मिशन मोड में संचालित किया जाए।बैठक में विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों और संवेदनशील समूहों पर फोकस करने की रणनीति बनाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे इलाकों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की जांच की जाए, जिससे टीबी के मामलों का समय रहते पता लगाया जा सके और संक्रमण की श्रृंखला को रोका जा सके।टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने में पोषण की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए जिलाधिकारी ने पोषण सहयोग कार्यक्रम को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर मरीजों को उपचार अवधि के दौरान नियमित रूप से फूड बास्केट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार सफल उपचार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें समाज की सहभागिता आवश्यक है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि टीबी स्क्रीनिंग, समयबद्ध उपचार और पोषण सहयोग के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, पूरा उपचार और बेहतर पोषण ही टीबी मुक्त भारत अभियान की सफलता की मजबूत नींव है।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से बक्सर को टीबी मुक्त एवं स्वस्थ जिला बनाने का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जा सकेगा।