__ जनता दरबार में निर्णय से असंतुष्ट व्यक्ति ने थाना परिसर में सीओ का गला दबाया, पुलिस ने मौके पर ही पकड़ा
केटी न्यूज/सिमरी।
भूमि विवाद के निपटारे को लेकर आयोजित जनता दरबार का फैसला एक पक्ष को नागवार गुजरा। शुक्रवार को थाना परिसर में विवाद सुलझाने पहुंचे सिमरी अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। आरोपित ने सीओ का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया। घटना के बाद सीओ ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव निवासी रामवचन यादव और ओमप्रकाश यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

पिछले शनिवार को थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में मामले की सुनवाई हुई थी। इस दौरान ओमप्रकाश यादव की ओर से भूमि से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन ने रामवचन यादव के पक्ष में निर्णय सुनाया था।बताया जाता है कि फैसले से असंतुष्ट विपक्षी पक्ष ने बुधवार की रात विवादित जमीन पर जोताई कर कब्जा जमाने का प्रयास किया। इसके बाद मामले को लेकर शुक्रवार को थाना परिसर में फिर से बातचीत और विवाद के समाधान की प्रक्रिया चल रही थी।

इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने सीओ भगवती शंकर पांडेय पर हमला कर दिया। अचानक हुई घटना से थाना परिसर में अफरातफरी मच गई।पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपित को काबू में कर लिया, जिससे स्थिति बिगड़ने से बच गई। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी पर हमले को लेकर पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष ने बताया कि हमले के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीओ के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।