__ जनता दरबार में 12 से अधिक शिकायतें पहुंचीं, दो मामलों में नोटिस जारी; अभिलेखों की जांच और जमीन मापी का काम प्रभावित
केटी न्यूज/डुमरांव।
जमीन विवादों के त्वरित समाधान की उम्मीद लेकर शनिवार को डुमरांव अंचल कार्यालय पहुंचे फरियादियों को कुछ मामलों में राहत मिली, तो कई मामलों के निपटारे की प्रक्रिया राजस्व कर्मियों की हड़ताल के कारण प्रभावित रही। जनता दरबार में 12 से अधिक भूमि विवाद संबंधी शिकायतें पहुंचीं, जिनमें छह मामलों का आपसी सहमति और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं, दो मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। चार थाना क्षेत्रों से जुड़े मामलों की सुनवाई अंचलाधिकारी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त मौजूदगी में हुई।

सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी तथा डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के साथ जमीन से संबंधित कागजातों का अवलोकन किया। जिन विवादों में दस्तावेजों और आपसी सहमति के आधार पर समाधान संभव था, उन्हें तत्काल निपटा दिया गया। हालांकि, कई मामलों में जमीन की मापी, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन और संबंधित मौजा के रिकॉर्ड की जांच जरूरी है। राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इन प्रक्रियाओं में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे कुछ विवादों के समाधान में देरी की आशंका बनी हुई है।

सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि जनता दरबार में आने वाले मामलों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जा रहा है। जिन मामलों में अतिरिक्त जांच अथवा जमीन की मापी जरूरी है, उनमें दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को विवादों के समाधान के लिए अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर लगाने से बचाना और दोनों पक्षों की सुनवाई कर न्यायसंगत कार्रवाई करना है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।