छठ घाटों की सुरक्षा और सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 10 तक निरीक्षण रिपोर्ट तलब
छठ पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम साहिला ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को 10 तारीख तक छठ घाटों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

__ डीएम साहिला ने सड़क सुरक्षा, शराबबंदी, भू-विवाद और विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; घाटों पर सीसीटीवी, सफाई और पहुंच पथ दुरुस्त करने का आदेश
केटी न्यूज/बक्सर।
छठ पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियों में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम साहिला ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को 10 तारीख तक छठ घाटों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।डीएम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, मद्य निषेध, भू-विवाद, आगामी पर्व-त्योहारों में विधि-व्यवस्था, खनन, लोक शिकायत और लोक सेवा अधिकार से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभागीय कार्यों की प्रगति, लंबित मामलों और निर्धारित समय-सीमा में उनके निष्पादन की स्थिति पर चर्चा हुई।

__ घाटों पर सीसीटीवी और पहुंच पथ दुरुस्त करने का आदेश
छठ पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को घाटों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, पर्याप्त साफ-सफाई कराने, घाटों तक जाने वाले पहुंच पथों की मरम्मत कराने और आवश्यक साइनेज बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
__ अवैध शराब और खनन पर सख्ती के निर्देश
मद्य निषेध की समीक्षा में शराब के अवैध निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी का निर्देश दिया गया।

__ भू-विवाद और जनशिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर
डीएम ने भूमि विवादों का समयबद्ध समाधान करने और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बरतने को कहा। लोक शिकायतों का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तथा लोक सेवा अधिकार के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने और जनहित के मामलों में अनावश्यक विलंब से बचने की हिदायत दी।


