वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ समापन

30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। यह शिविर 19 मई से 28 मई तक डीएवी एवं फाउंडेशन स्कूल, बक्सर परिसर में आयोजित किया गया था।

वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ समापन

--ड्रिल, फायरिंग और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाया उत्साह, अल्फा कंपनी बनी ओवरऑल चैंपियन

केटी न्यूज/डुमरांव

30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। यह शिविर 19 मई से 28 मई तक डीएवी एवं फाउंडेशन स्कूल, बक्सर परिसर में आयोजित किया गया था। समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल हेमंत वेलवाला ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुशासन को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने सभी कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समापन समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों से आए कैडेट्स ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।शिविर के दौरान ड्रिल प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, फायरिंग प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अल्फा कंपनी को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।

अल्फा कंपनी के एनसीसी पदाधिकारी राज प्लस टू उच्च विद्यालय, डुमरांव के डॉ. संजय रंजन सिन्हा रहे, जबकि कंपनी कमांडर सुबेदार महेश प्रसाद एवं सहयोगी हवलदार केके मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रही। कर्नल हेमंत वेलवाला ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं, ब्रेवो कंपनी को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों से आए कैडेट्स को प्रशिक्षण शिविर का प्रमाण पत्र एवं यात्रा भत्ता प्रदान किया गया। इसके बाद सभी कैडेट्स अल्पाहार ग्रहण कर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। शिविर समाप्ति के दौरान कई कैडेट्स भावुक भी नजर आए। पूरे शिविर के सफल संचालन में 30 बिहार बटालियन एनसीसी, बक्सर के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।