बक्सर में उद्योग स्थापना होगी और आसान, एकल खिड़की व्यवस्था को मिलेगा और मजबूती
जिले में उद्योगों की स्थापना को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में व्यवसाय सुगमता, राज्य व्यवसाय सुधार कार्ययोजना, जिला व्यवसाय सुधार कार्ययोजना तथा एकल खिड़की व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

__ जिलाधिकारी साहिला ने अधिकारियों को दिए निर्देश, समयबद्ध स्वीकृतियों और उद्यमियों को पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
केटी न्यूज/बक्सर :
जिले में उद्योगों की स्थापना को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में व्यवसाय सुगमता, राज्य व्यवसाय सुधार कार्ययोजना, जिला व्यवसाय सुधार कार्ययोजना तथा एकल खिड़की व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने वर्ष 2026 की व्यवसाय सुधार कार्ययोजना मार्गदर्शिका के अनुरूप सभी विभागों को निर्धारित प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में निवेश को बढ़ावा देने, नए उद्योगों की स्थापना को आसान बनाने तथा उद्यमियों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्योग स्थापना, व्यापार पंजीकरण, विभिन्न प्रकार के अनापत्ति प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक स्वीकृतियों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि उद्यमियों को एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से सभी आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए नियमित अंतराल पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवश्यक मार्गदर्शन तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के लिए आगे आएं।बैठक में सहायक समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता (बैंकिंग), विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, वाणिज्यकर विभाग के उपायुक्त, श्रम अधीक्षक, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला उद्यान पदाधिकारी, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

