__ रोजगार, मुआवजा और मुकदमों में फंसाने का आरोप उठाया; विधायक आनंद मिश्रा ने मुख्यमंत्री से लेकर केंद्र सरकार तक आवाज उठाने का दिया भरोसा
केटी न्यूज/बक्सर।
चौसा पावर प्लांट से जुड़ी लंबित समस्याओं और कथित उपेक्षा से नाराज बनारपुर सहित चौसा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के किसानों ने बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा से गुहार लगाई। बड़ी संख्या में किसान जासो रोड स्थित विधायक के कार्यालय ‘कमल सेवा केंद्र’ पहुंचे और रोजगार, जमीन के मुआवजे तथा स्थानीय युवाओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों समेत कई मुद्दों को उठाते हुए समाधान की मांग की। किसानों ने आरोप लगाया कि चौसा पावर प्लांट की स्थापना के दौरान स्थानीय लोगों को रोजगार और विकास का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज भी उनकी उम्मीदें अधूरी हैं।

स्थानीय युवाओं को नौकरी में प्राथमिकता देने के बजाय बाहरी लोगों को अवसर दिया गया। वहीं, जमीन अधिग्रहण के बदले किसानों को उचित मुआवजा भी नहीं मिला। किसानों का कहना था कि जब स्थानीय युवाओं ने कंपनी प्रबंधन के समक्ष अपनी मांगें रखीं, तो उनके खिलाफ कथित तौर पर गलत प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इससे युवाओं का भविष्य और रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं। किसानों ने कहा कि पावर प्लांट से क्षेत्र में विकास और खुशहाली की उम्मीद थी, लेकिन रोजगार, मुआवजा और अन्य स्थानीय मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं। उन्होंने कंपनी प्रबंधन, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।

विधायक आनंद मिश्रा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि स्थानीय किसानों और युवाओं के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इन समस्याओं को मुख्य सचिव स्तर तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अब तक अपेक्षित नतीजा नहीं मिल सका है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी इस मामले में बातचीत करेंगे और जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार के स्तर पर भी आवाज उठाएंगे।

विधायक ने किसानों की मांग पर अगले माह कंपनी प्रबंधन, जिला प्रशासन, किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक कराने का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को एक मंच पर बैठाकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति समझना और ठोस समाधान निकालना जरूरी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि चौसा क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है। संवाद और समन्वय के जरिए प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा। इस दौरान भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय भी मौजूद थे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।