__ केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने रामजानकी मंदिर में किया दर्शन-पूजन, बक्सर की पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को बताया सनातन सभ्यता की अमूल्य धरोहर
केटी न्यूज/बक्सर।
भारत सरकार के केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह अपने दौरा कार्यक्रम के क्रम में रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे बक्सर के नई बाजार स्थित रामजानकी आश्रम पहुंचे। उनके आगमन पर बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने विधायक के साथ रामजानकी मंदिर में विराजमान भगवान के दर्शन-पूजन किए तथा देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में इस दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। मंदिर के महंत पूज्य राजाराम बाबा ने केंद्रीय मंत्री को तिलक लगाकर आशीर्वचन एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

मंत्री ने मंदिर की धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए गिरिराज सिंह ने बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बक्सर को विश्वविख्यात धर्मनगरी बताते हुए कहा कि यह भूमि भगवान वामन से लेकर प्रभु श्रीरामचंद्र तक की धार्मिक परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जुड़ी रही है। बक्सर की धरती सनातन सभ्यता, संस्कृति और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने विश्वास जताया कि अपनी गौरवशाली विरासत और धार्मिक पहचान के बल पर बक्सर आने वाले समय में विश्व पटल पर और अधिक प्रतिष्ठा हासिल करेगा।

वहीं, बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि बक्सर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। इस पावन भूमि ने सदियों से सनातन सभ्यता, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को अपने भीतर संजोकर रखा है। उन्होंने कहा कि बक्सर भारतीय हिंदू संस्कृति की गौरवशाली पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण नगर है। विधायक ने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में बक्सर भारतीय संस्कृति के मुकुट में हीरे की तरह चमकेगा और इसकी आध्यात्मिक आभा पूरे विश्व में मानव कल्याण का संदेश प्रसारित करेगी। कार्यक्रम के दौरान रामजानकी मंदिर के श्रद्धालुओं के साथ भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।