एक माह में शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो, डीएम ने कसी कमर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।

एक माह में शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो, डीएम ने कसी कमर

__ परीक्षा केंद्रों के आसपास सफाई, शहर में सघन फॉगिंग और ‘विकास चौक’ बनाने का निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।बैठक का प्रमुख एजेंडा लाइट एंड साउंड शो की प्रगति की समीक्षा रहा। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी एक माह के भीतर सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर शो का विधिवत संचालन आम जनता के लिए प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को निर्देश दिया कि बीईसीआईएल से हस्तांतरण पत्र शीघ्र प्राप्त कर लिया जाए।

साथ ही नगर परिषद के कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाकर शो संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना धरातल पर उतर सके और लोग इसका लाभ उठा सकें।परीक्षा सत्र को देखते हुए डीएम ने विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को गंदगी, कचरा या जलजमाव के कारण असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी नगर निकायों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए।शहर में बढ़ती मच्छरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी नगर निकाय क्षेत्रों में सघन एवं प्रभावी फॉगिंग अभियान चलाने का आदेश दिया।

उन्होंने कहा कि मच्छरों और अन्य कीड़े-मकौड़ों से निजात दिलाने के लिए नियमित अंतराल पर फॉगिंग कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संक्रामक बीमारियों की आशंका कम हो।शहरी क्षेत्रों में उड़ती धूल पर भी डीएम ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन इलाकों में धूल की समस्या अधिक है, वहां स्थायी रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। इससे प्रदूषण में कमी आएगी और राहगीरों को राहत मिलेगी।बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और पहचान को सुदृढ़ करने के लिए एक नई पहल पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र के किसी एक प्रमुख चौक को ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित किया जाए।

इस चौक पर शहर की विशेषताओं, प्रमुख धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और अन्य संसाधनों को दर्शाने की व्यवस्था की जाए, ताकि शहर की पहचान मजबूत हो और आगंतुकों को समुचित जानकारी मिल सके।धार्मिक स्थलों की व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। डीएम ने बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के गर्भगृह से महत्वपूर्ण पर्वों के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विभिन्न मंदिरों से निकलने वाले फूल, पत्ते एवं अन्य पूजा सामग्रियों के पुनर्चक्रण के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को बढ़ावा मिल सके।बैठक के अंत में डीएम ने दो टूक कहा कि सभी निर्देशों का पालन तय समयसीमा में होना चाहिए। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।