__ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर बक्सर में समीक्षा बैठक, पारदर्शिता और त्रुटिरहित निर्वाचक सूची तैयार करने पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बक्सर में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 202-राजपुर एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा 200-बक्सर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी ने की। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं अधिकृत प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्वाचक सूची से संबंधित दावा-आपत्ति के अभिलेख उपलब्ध कराए गए।

बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, मतदाता सूची में दर्ज नामों की शुद्धता की जांच करने तथा प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन करने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फॉर्म-9, फॉर्म-10, फॉर्म-11, फॉर्म-11ए एवं फॉर्म-11बी से संबंधित सूचियां और अभिलेख सौंपे गए। इन दस्तावेजों के माध्यम से निर्वाचक सूची में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की जानकारी साझा की गई, ताकि प्रतिनिधि उनका अवलोकन कर आवश्यक सुझाव और आपत्तियां संबंधित स्तर पर प्रस्तुत कर सकें।

अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचक सूची का नियमित अद्यतन और शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, अपूर्णता अथवा विसंगति रह जाने से बचाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे उपलब्ध अभिलेखों का गंभीरता से परीक्षण करें और नियमानुसार आवश्यक सुझाव प्रशासन को उपलब्ध कराएं।बैठक में दावा-आपत्तियों के निष्पादन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा और किसी भी मामले में नियमों से समझौता नहीं होगा। प्रशासन ने राजनीतिक दलों के सहयोग को पुनरीक्षण प्रक्रिया की सफलता के लिए अहम बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से निर्वाचक सूची को अधिक विश्वसनीय, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सकेगा। बैठक के अंत में सभी दलों से पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की गई। बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।