बक्सर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार, दो रेस्टोरेंट पर एफआईआर, 24 सिलेंडर जब्त

जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर रखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार की शाम समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी गई कि गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

बक्सर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर कड़ा प्रहार, दो रेस्टोरेंट पर एफआईआर, 24 सिलेंडर जब्त

__ डीएम–एसपी की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा, 10 दिनों में 60 हजार से अधिक सिलेंडर वितरित, कंट्रोल रूम पर 365 शिकायतें दर्ज

केटी न्यूज/बक्सर:

जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर रखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार की शाम समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी गई कि गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड  और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की किल्लत की स्थिति उत्पन्न न हो।

__ लगातार हो रही छापेमारी, दोषियों पर कार्रवाई

डीएम और एसपी ने बताया कि जिले के वरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की टीमों द्वारा गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार भौतिक जांच की जा रही है। इस दौरान ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया जा रहा है जो घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं या कालाबाजारी में संलिप्त हैं।इसी क्रम में बक्सर सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दो प्रतिष्ठानों पहवा रेस्टोरेंट और संगम फैमिली रेस्टोरेंट के खिलाफ घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान कुल 24 सिलेंडरों को जब्त किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

__ 10 दिनों में 60 हजार से अधिक सिलेंडर का वितरण

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, 13 मार्च से 24 मार्च तक जिले में कुल 60,963 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है। वहीं, 24 मार्च तक गैस एजेंसियों के पास 4,903 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की कमी नहीं है।

__ कंट्रोल रूम बना सहारा, 24 घंटे मिल रही सुविधा

उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा गया है। डीएम ने बताया कि कोई भी उपभोक्ता गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत या समस्या को 06183-223333 नंबर पर दर्ज करा सकता है। यह कंट्रोल रूम 24×7 कार्यरत है और शिकायतों का शीघ्र निपटारा किया जा रहा है।

__ 365 शिकायतों में 313 का त्वरित समाधान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि 24 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष में कुल 365 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 313 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन का सख्त संदेश

डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से कहा कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, जमाखोरी और घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।प्रशासन के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि बक्सर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।